Gopalganj viral video: बिहार के गोपालगंज में एक शख्स ने अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो को सुरक्षित रखने के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसे देखकर हर कोई हैरान है. आमतौर पर कार को गैराज, पार्किंग या घर के बाहर खड़ा किया जाता है, लेकिन यहां मालिक ने अपनी भारी-भरकम एसयूवी को सीधे मकान की छत पर पहुंचा दिया. इसके लिए बाकायदा क्रेन की मदद ली गई और स्कॉर्पियो को हवा में उठाकर दो मंजिला मकान की छत पर उतारा गया. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक क्रेन महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक को उठाकर धीरे-धीरे मकान की दूसरी मंजिल की छत तक पहुंचाती नजर आ रही है. इसके बाद बेहद सावधानी से कार को छत पर उतार दिया जाता है. वीडियो देखने वाले लोग यही सोच रहे हैं कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी थी कि कार को जमीन के बजाय छत पर खड़ा करना पड़ा?
विदेश में रहता है कार का मालिक, ड्राइवर भी चला गया बाहर
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मामला गोपालगंज के मांझा थाना क्षेत्र के मीरा टोला का है. यहां रहने वाले मनोज यादव के पास हाल ही में नई स्कॉर्पियो क्लासिक आई थी. बताया जा रहा है कि मनोज यादव इजरायल में नौकरी करते हैं और परिवार में पति-पत्नी रहते हैं. मनोज के विदेश जाने के बाद गाड़ी की देखभाल और इस्तेमाल के लिए एक ड्राइवर रखा गया था. लेकिन कुछ समय बाद ड्राइवर को भी विदेश जाना पड़ा. इसके बाद घर पर खड़ी लाखों रुपये की गाड़ी की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई.
चोरी के डर से निकाला अनोखा रास्ता
बताया जा रहा है कि गाड़ी लंबे समय तक सुरक्षित रहे और उसके चोरी होने का खतरा न रहे, इसलिए उसे घर की छत पर रखने का फैसला किया गया. इसके बाद क्रेन मंगाई गई और स्कॉर्पियो को जमीन से उठाकर सीधे मकान की दूसरी मंजिल की छत पर पहुंचा दिया गया. भारी-भरकम एसयूवी को क्रेन से उठाने और छत पर उतारने की पूरी प्रक्रिया बेहद सावधानी से की गई. वायरल वीडियो में भी यही नजारा दिखाई दे रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं.
वायरल हुआ ‘छत पर स्कॉर्पियो’ वाला वीडियो
जैसे ही स्कॉर्पियो को क्रेन के जरिए छत पर चढ़ाने का वीडियो सामने आया, यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. वीडियो देखकर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग इसे कार की सुरक्षा का अनोखा तरीका बता रहे हैं तो कुछ का कहना है कि ऐसा करना अपने आप में बड़ा जोखिम हो सकता है. कई लोगों के मन में यह सवाल भी है कि आखिर एक भारी एसयूवी को मकान की छत पर रखने के बाद उसकी सुरक्षा और छत की मजबूती का क्या इंतजाम किया गया होगा.
छत पर कार रखने की सुरक्षा पर भी उठे सवाल
इस पूरे मामले में अभी तक छत की भार क्षमता या वहां कार खड़ी करने की तकनीकी सुरक्षा को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. इसलिए इस बात की पुष्टि नहीं की जा सकती कि मकान की छत इतनी भारी गाड़ी का भार लंबे समय तक सुरक्षित तरीके से उठा सकती है या नहीं. फिलहाल स्थानीय लोगों की जानकारी और वायरल वीडियो के आधार पर ही इस मामले की चर्चा हो रही है. गोपालगंज में ‘छत पर स्कॉर्पियो’ का यह अनोखा मामला लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है.