तमिलनाडु के कोयंबटूर में सुनसान गली से जा रही एक महिला के साथ 16 वर्षीय एक किशोर ने छेड़खानी की, जिसके बाद गली के कुत्तों ने उस पर धावा बोल दिया. जानकारी के अनुसार छेड़खानी करने वाला किशोर नशे में धुत था.
पुलिस के अनुसार, यह घटना 3 सितंबर को कोयंबटूर के थुडियालुर के पास घटी. 16 वर्षीय लड़के को कोयंबटूर नगर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उसे किशोर सुधारगृह में भेज दिया गया है.
CCTV में रिकॉर्ड हो गई घटना
ये पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई. घटना के सीसीटीवी फुटेज में नाबालिग लड़का, जो स्पष्ट रूप से नशे में था. वह महिला पर झपटता और उसे परेशान करता हुआ दिखाई दे रहा है. वहीं गली में मौजूद कुत्ते लड़के पर लगातार भौंकते और उसके पैरों को खरोंचते रहते हैं, मानो महिला को उससे बचाने की कोशिश कर रहे हों. लगातार भौंकने से आखिरकार नाबालिग लड़का महिला को छोड़ देता है, और फिर कुत्ते उसे भगा ले जाते हैं. यह घटना 3 सितंबर को सुबह करीब 1:30 बजे हुई. इससे पहले भी लड़के ने अपराधी प्रवृत्ति दिखाई थी. यौन उत्पीड़न करने से पहले लड़के ने एक दुकान में आग लगा दी थी.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने नाबालिग के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है. नाबालिग को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग), धारा 75 (यौन उत्पीड़न) और धारा 79 (किसी महिला की गरिमा को अपमानित करने के इरादे से शब्द, हावभाव या कृत्य) के तहत हिरासत में लिया गया है और सुधारगृह भेज दिया गया है. आगे की जांच जारी है.