Himachal Pradesh Weather Update 25 April 2025: समूचा उत्तर भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में आ चुका है. इससे पर्वतीय राज्य भी अछूते नहीं रहे हैं. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान करने लगी है. शुक्रवार (24 अप्रैल, 2026) को हिमाचल प्रदेश का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कुछ जिलों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया. यानी दिल्ली से कुछ कम ही गर्मी हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में पड़ रही है. हिमाचल के निचले इलाकों में लू तो नहीं चल रही है, लेकिन तेज धूप और गर्मी के चलते लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है.
बदला मौसम, होगी बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल चुका है. इसके साथ ही लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. मध्य पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश या हल्की बर्फबारी भी संभव है. IMD की ओर से शनिवार (25 अप्रैल, 2026) को हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में गरज के साथ आंधी-तूफान का भी अलर्ट जारी किया गया है. हिमाचल के कुछ हिस्सों में शनिवार को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
25 और 28 अप्रैल के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की सलाह
IMD ने 25 और 28 अप्रैल के आसपास चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जैसे जिलों में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जैसे जिलों में ज्यादातर दिनों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में बिजली गिरने के साथ हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश का अलर्ट है.
26 और 27 अप्रैल को शुष्क रहेगा मौसम
IMD के मुताबिक, 26 और 27 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा. इसके बाद यानी 28 अप्रैल से फिर मौसम करवट लेगा. पर्वतीय राज्य के कई जिलों में दोबारा आंधी-तूफान और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है. 29 और 30 अप्रैल को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. यहां पर यह भी बता दें कि हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का असर उत्तर भारत में राहत के रूप में नहीं पड़ेगा. कुल मिलाकर उत्तर भारत में गर्मी और लू लोगों की परेशानी में इजाफा करती रहेगी.