Katni News: कटनी जिले के रीठी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पोस्ट ऑफिस परिसर में खड़ा एक जर्जर शो-बबूल का विशाल पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा. पेड़ गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोज की तरह अनिल बिचपुरिया पोस्ट ऑफिस परिसर में पेड़ के नीचे अपनी चाय-नाश्ते की दुकान संचालित कर रहे थे. इसी दौरान अचानक पेड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सीधे उनकी दुकान पर आ गिरा. हादसे में अनिल बिचपुरिया गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके सिर में गहरी चोट आई है.
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल दुकानदार को रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है. हादसे में उनकी दुकान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
बिजली व्यवस्था चरमराई
पेड़ गिरने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई, जिससे आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए विद्युत आपूर्ति बाधित रही. इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उक्त पेड़ लंबे समय से जर्जर अवस्था में था. इसकी स्थिति को लेकर कई बार चिंता जताई गई, लेकिन पंचायत और संबंधित अधिकारियों ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की. लोगों ने इस हादसे के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है. गनीमत रही कि हादसे के समय दुकान पर अन्य ग्राहक मौजूद नहीं थे. यदि वहां अधिक लोग होते, तो यह घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी.
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.
(Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.)