9
Mhow Gangrape Case: मध्य प्रदेश के महू में, शनिवार को बेरछा जंगल गैंगरेप मामले के दो आरोपियों को कोर्ट परिसर के अंदर वकीलों ने बुरी तरह पीटा. वकीलों ने पुलिस के ठीक सामने उन पर लात-घूंसों की बरसात कर दी. कुछ समय के लिए कोर्ट परिसर में पूरी तरह से अफरा-तफरी मच गई. यह घटना महू कोर्ट में हुई.
वकीलों की भीड़ ने आरोपियों को चारों तरफ से घेर लिया और उन पर लात-घूंसों की बरसात शुरू कर दी. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत दखल दिया. काफी मशक्कत के बाद, वे आरोपियों को भीड़ से निकालकर कोर्टरूम के अंदर ले जाने में कामयाब रहे. ऐसे में चलिए विस्तार से जानें पूरा मामला.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला महू के पास स्थित बेरछा जंगल से जुड़ा है, जहां एक युवती के साथ गैंगरेप हुआ था. पीड़िता अपने एक दोस्त के साथ इंदौर से लांगचा बाबा मंदिर में दर्शन करने आई थी. दर्शन के बाद, दोनों जंगल के पास बैठे थे, तभी दो युवकों ने उन पर हमला कर दिया. आरोपियों ने सबसे पहले युवती के दोस्त पर हमला किया, ताकि वह कोई विरोध न कर सके. इसके बाद, उन्होंने जंगल के अंदर युवती के साथ गैंगरेप किया. अपराध करने के बाद, आरोपी पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए.
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी
इंदौर ग्रामीण पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया. तलाशी अभियानों, स्थानीय खुफिया जानकारी और CCTV फुटेज के आधार पर, पुलिस ने दोनों आरोपियों को मानपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया.
आरोपियों की पहचान महेंद्र और पिंटू के रूप में हुई है; दोनों ही मानपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने अपने अपराध कबूल कर लिए और बताया कि वे आमतौर पर सुनसान इलाकों में लोगों को निशाना बनाते थे.
20 अप्रैल तक आरोपी हिरासत में भेजे गए
गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में आरोपियों की सुनवाई थी, जहां वकीलों ने आरोपियों पर लात -घुसे चलाए. इस प्रक्रिया के दौरान पुलिस को काफी विरोध का सामना करना पड़ा. इस हंगामे के बीच ही कोर्ट की कार्यवाही पूरी की गई. दोनों आरोपियों को 20 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर कड़ी को जोड़ने का काम कर रही है.