MP Liquor Smuggling: मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले से शराब तस्करी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बिल्कुल फिल्म ‘पुष्पा’ जैसा तरीका अपनाया और खाद की बोरियों के बीच अंग्रेजी शराब छिपाकर ले जा रहे थे. लेकिन उनकी यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी. तेज रफ्तार के दौरान पिकअप वाहन सड़क पर पलट गया और पूरा राज खुल गया. हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मौके से करीब 16 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद कर ली.
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को पहले ही सूचना मिल गई थी कि एक पिकअप वाहन में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू कर दी. पुलिस की भनक लगते ही चालक तेजी से वाहन लेकर भागने लगा.इसी दौरान जबलपुर-अमरकंटक मार्ग पर विक्की ढाबा के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
खाद की बोरियों के नीचे छिपी थी शराब
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पहली नजर में पिकअप में सिर्फ खाद की बोरियां दिखाई दीं. लेकिन जांच के दौरान जब बोरियां हटाई गईं तो उनके नीचे अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई. पुलिस ने पूरे वाहन की तलाशी ली और अवैध शराब को जब्त कर लिया.जांच में सामने आया कि तस्कर करीब 1500 लीटर अंग्रेजी शराब खाद की बोरियों के बीच छिपाकर ले जा रहे थे.
नंबर प्लेट से भी की थी चालाकी
प्राथमिक जांच में यह भी पता चला कि तस्करों ने पहचान छिपाने के लिए पिकअप की नंबर प्लेट से एक अंक हटा दिया था, ताकि वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाए. पुलिस अब वाहन के मालिक और तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
16 लाख रुपये की शराब जब्त
शहपुरा पुलिस के मुताबिक, पिकअप से बरामद अवैध शराब की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये है. फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था. फरार चालक की तलाश भी तेज कर दी गई है.