Jhansi Crime News: उत्तर प्रदेश के झांसी में एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां एक मणिपुर की रहने वाली महिला, जो एक स्पा सेंटर में काम करती थी, उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला झांसी में रहकर काम करती थी, तो वहीं उसका पति दिल्ली में रहता था. महिला की मौत के बाद एक युवक और युवती उसका शव दफनाने के लिए कब्रिस्तान पहुंचे. युवक ने खुद को महिला का भाई बताते हुए शव दफनाने की कोशिश की लेकिन उससे आईडी प्रूफ मांगा गया, जो वो नहीं दे पाया. इसके कारण उसे शव दफनाने से रोक दिया गया.
इसी दौरान मृतक महिला का पति भी कब्रिस्तान पहुंच गया और उसने शव दफनाने को लेकर हंगामा कर दिया. पुलिस को मामले की जानकारी मिली, तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी.
दोस्त के भाई से हुआ प्यार
जानकारी के अनुसार, ये मामला झांसी के बनानाद थाना क्षेत्र का है, जहां मणिपुर निवासी 30 वर्षीय सिम्मी उर्फ टेरेसा सीपरी बाजार स्थित एक पर्ल मसाज सेंटर में काम करती थी. वो बीते एक साल से झांसी में रह रही थी. वहीं उसका पति जॉन दिल्ली में रहकर काम करता था. झांसी में ही जोया नाम की महिला से उसकी दोस्ती हो गई और वो उसके साथ उसके ही घर में रहने लगी, जहां जोया का भाई भी रहता था. सिम्मी और जोया के भाई की अच्छी दोस्ती हो गई, जो प्यार में बदल गई.
इलाज के दौरान हुई मौत
इसके बाद जोया का भाई और सिम्मी एक किराए के घर में साथ रहने लगे. बीते कुछ दिनों से टेरेसा की तबीयत खराब चल रही थी और उसका इलाज चल रहा था लेकिन उसे बचाया न जा सका और उसकी मौत हो गई. इस बारे में जोया ने कहा कि उसके पति को फोन पर जानकारी दी गई लेकिन कोई आया नहीं और इसके कारण उसे दफनाने के लिए कब्रिस्तान लेकर गए, जहां उसे दफनाने से इनकार कर दिया गया. इसके बाद कुछ लोग उसका शव लेकर जीवनशाह कब्रिस्तान लेकर गए, जहां चौकीदार ने आईडी मांगी, तो वो नहीं दिखा पाए. इसके बाद कब्रिस्तान के सदस्य मोहम्मद इमरान को इसकी सूचना दी गई. शव को कब्रिस्तान के बाहर रख दिया गया.
पति ने क्यों किया हंगामा?
इसी बीच मृतका का पति जॉन भी कब्रिस्तान पहुंचा, जिसने हंगामा शुरू कर दिया. उसका कहना था कि महिला क्रिश्चियन है और पहले उसका शव चर्च जाना चाहिए और उन्हें मौत की वजह पता चलनी चाहिए. इसी दौरान मौके पर पुलिस पहुंची और मामला शांत कराया गया. वहीं पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है.