Mahoba Murder Case: उत्तर प्रदेश के महोबा में प्रियंका रैकवार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने के बाद प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया था. इससे पहले प्रेम-प्रसंग का खुलासा होने के बाद उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी.
गौरतलब है कि सुभाष नगर इलाके के जंगल में 14 अप्रैल को युवती की लाश मिली थी, जिससे सनसनी फैल गई थी. मृतका की पहचान प्रियंका रैकवार के रूप में हुई थी और उसकी 8 जुलाई को शादी होनी थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दो युवकों पर मुकदमा कराया था.
आरोपियों ने पुलिस पर कर दी फायरिंग
इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटते हुए जांच में लग गई थी. इस बीच ग्राम डहर्रा रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी. तभी दोनों युवक बाइक से आए, उन्हें रोका गया तो उन्होंने पुलिस पर फायर कर दिया. जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की.
इस फायरिंग में शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष पांडेय के हाथ से गोली छूते हुए निकली और एक छर्रा लगने से वह मामूली रूप से घायल हो गए. जबकि दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी. मुठभेड़ मंगलवार की देर रात करीब एक बजकर नौ मिनट पर हुई. इसके बाद घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.
SP महोबा शशांक सिंह के निर्देशन में पुलिस को मिली बड़ी सफलता,महोबा में युवती के हत्यारोपियों की पुलिस से मुठभेड़,महज 24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का खुलासा कर पुलिस ने दो आरोपी किए गिरफ्तार प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर दिया था वारदात को अंजाम. pic.twitter.com/wdGWqva22o
— Vineet G 🇮🇳 (@aapka_vineet) April 15, 2026
अवैध रिश्ते को लेकर पत्नी से शुरू हो गई थी कलह
एसपी शशांक सिंह ने बताया कि आरोपी सुमित सिंह का युवती से प्रेम प्रसंग चलता था. इस बीच सुमित की शादी हो गई, लेकिन जब उसकी पत्नी को इस अवैध रिश्ते की भनक लगी, तो घर में कलह शुरू हो गई और वह उसे छोड़कर चली गई.
वहीं सुमित, प्रेमिका की शादी भी दूसरी जगह तय हो जाने पर वह परेशान था. इसी से क्षुब्ध होकर उसने अपने साथी के साथ उसे बात करने के लिए बुलाया और उसकी गमछा से गला दबाकर हत्या कर दी.
युवती के चेहरे पर थे चोट के निशान
बताया जा रहा है कि रात दो बजे के बाद युवती अकेली घर से निकली थी. परिजन सुबह उठे तो वह गायब मिली. खोजबीन करने पर घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित पहाड़ के किनारे उसका शव मिला. युवती के चेहरे पर चोट के निशान थे और उसकी आंख स्पष्ट नहीं दिख रही थी.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से युवती के मोबाइल सहित तीन फोन, एक बाइक, एक तमंचा 315 बोर व एक तमंचा 12 बोर व कारतूस बरामद किए गए हैं. आगे की कार्रवाई की जा रही है.