Mathura Vrindavan Traffic Advisory 2026: आज यानी 4 सितंबर 2026 को मथुरा-वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. प्रशासन के मुताबिक, इस बार 50 लाख से ज्यादा श्रद्धालु ब्रज नगरी पहुंच सकते हैं. भीड़ को देखते हुए मथुरा-वृंदावन ट्रैफिक पुलिस ने 48 घंटे का विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है. यह व्यवस्था 4 सितंबर से 5 सितंबर सुबह 9 बजे तक लागू रहेगी.
कई रास्तों पर वाहनों की एंट्री बंद
भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए शहर के प्रमुख रास्तों पर 129 से ज्यादा बैरियर लगाए गए हैं. श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर जाने वाले भूतेश्वर तिराहा, मसानी चौराहा, डीग गेट, भरतपुर गेट, चौक बाजार, गोकर्ण और कृष्णपुरी से आने वाले आम वाहनों को रोका जा रहा है. वहीं, NH-19 से मथुरा की ओर आने वाले भारी और कमर्शियल वाहनों को गोवर्धन चौराहा और मंडी चौराहा से डायवर्ट किया जा रहा है.
वृंदावन में भी ट्रैफिक पर पाबंदी
वृंदावन में छटीकरा-वृंदावन मार्ग पर मल्टी-लेवल पार्किंग से आगे चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद रहेगी. इसके अलावा मथुरा-वृंदावन मार्ग पर सौ-शय्या अस्पताल, पानीघाट तिराहा और रुक्मिणी विहार चौराहा से आगे परिक्रमा कॉरिडोर की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इन रास्तों पर जाने से बचें और पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाएं.
24 पार्किंग स्थल किए गए तैयार
श्रद्धालुओं की गाड़ियों के लिए प्रशासन ने 24 अस्थाई और स्थाई पार्किंग स्थल तैयार किए हैं. वृंदावन की ओर से आने वाले लोग छटीकरा मल्टी-लेवल पार्किंग, ITI मैदान और MVDA पार्किंग का इस्तेमाल कर सकते हैं. यमुना एक्सप्रेसवे और राया की ओर से आने वालों के लिए PMB पॉलीटेक्निक कॉलेज और जयसिंहपुरा में पार्किंग की व्यवस्था है. हाईवे से आने वाले लोग गोकुल रेस्टोरेंट के पास, ISBT बस स्टैंड और रामलीला मैदान में गाड़ी खड़ी कर सकते हैं.
रात 11:57 बजे से मुख्य पूजा
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का मुख्य पूजा मुहूर्त रात 11:57 बजे से 12:42 बजे तक रहेगा. इसी दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि में महाअभिषेक किया जाएगा. सुरक्षा के लिए CCTV और ड्रोन से निगरानी की जा रही है. साथ ही पुलिस, CRPF, PAC और RAF की टीमें तैनात हैं. अलग-अलग चौराहों पर QR कोड भी लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर श्रद्धालु लाइव ट्रैफिक और पार्किंग की जानकारी देख सकते हैं.