UP Crime: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक महिला के ससुराल वाले उससे लगातार दहेज की मांग कर रहे थे. इसके कारण वे उसे शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया करते थे. इसको लेकर ससुराल में विवाद चल रहा था. परेशान होकर लड़की अपने मायके चली गई. इसके बाद वे ससुरालवालों से बातचीत करने गए, जिसने अचानक हिंसक रूप ले लिया. बेटी की शिकायत पर उसके मायके वाले जब ससुराल पहुंचे तो उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि बातचीत कराने की कोशिश इतनी खतरनाक हो जाएगी. आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने मायके पक्ष के कई सदस्यों को कमरे के भीतर बंद कर दिया. उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
मामला गजरौला थाना क्षेत्र के अहरौला तेजवन गांव का है. पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, नौगावां सादात क्षेत्र के अव्वलपुर गांव के रहने वाले सुमित कुमार की बहन बबीता की शादी मार्च 2024 में गांव के ही आनंद कुमार से हुई थी. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज को लेकर बबीता पर दबाव बनाया जा रहा था.
24 सितंबर को मायके पहुंची थी महिला
बताया गया है कि लगातार विवाद के बाद 24 सितंबर को बबीता अपने मायके चली गई. उसने परिजनों को ससुराल में कथित तौर पर हो रही प्रताड़ना के बारे में बताया. इसके बाद भाई सुमित कुछ रिश्तेदारों के साथ बातचीत के लिए बहन की ससुराल पहुंचा. शिकायत के मुताबिक, वहां मामला शांत होने के बजाय विवाद बढ़ गया. आरोप है कि मायके से पहुंचे लोगों को एक कमरे में बंद कर दिया गया. इसके बाद लाठी-डंडों के साथ फावड़े के हत्थे और धारदार हथियारों से हमला किया गया. अचानक हुई इस मारपीट में सुनपुरा के कुंवरपाल और अव्वलपुर के महेश को गंभीर चोटें आईं.
पुलिस के पहुंचने पर बची जान
हमले की सूचना पुलिस के आपातकालीन नंबर पर दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और कथित तौर पर कमरे में फंसे लोगों को बाहर निकाला. घायलों को इलाज के लिए भेजे जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान गांव के पास रेलवे ट्रैक की ओर भी तनाव फैल गया और वहां पत्थरबाजी की घटना सामने आई. इससे आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
12 नामजद समेत कई लोगों पर केस
सुमित कुमार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति आनंद कुमार समेत 12 नामजद लोगों और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: अचनाक चलने लगी गोलियां, किसने करवाई उद्धव गुट के स्टार लीडर की हत्या? पूरे महाराष्ट्र में हड़कंप