UP Double Murder: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के थाना खुदागंज के गांव सूथा में एक मंदिर में दो बुजुर्ग साधुओं की हत्या कर दी गई. इन मौतों ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया. गांव के बाहर स्थित हनुमान मंदिर में रहने वाले गोपाल दास और बड़े दास रात के वक्त संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले. कहा जा रहा है कि बड़े दास विकलांग थे. दोनों के शव मंदिर परिसर में तख्त से बंधे हुए पाए गए. घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया.
बताया जा रहा है कि वारदात बुधवार देर रात करीब एक बजे हुई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मंदिर में रहने वाले दोनों साधु लंबे समय से वहां पूजा-पाठ और देखरेख का काम करते थे.
जमीन के विवाद से जुड़ा है मामला?
पुलिस की शुरुआती जांच में मंदिर की जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद की बात सामने आई है. ग्रामीणों के मुताबिक, मंदिर जिस जमीन पर बना है, उसे लेकर सुमित सिंह और साधुओं के बीच पहले से विवाद था. आरोप है कि इसी रंजिश ने बाद में हिंसक रूप ले लिया. ग्रामीणों का दावा है कि घटना वाली रात सुमित पहले गांव के एक दूसरे धार्मिक स्थल पर गया था. वहां कथित तौर पर नुकसान पहुंचाने के बाद वह हनुमान मंदिर पहुंचा. यहां दोनों बुजुर्गों से उसका विवाद हुआ. इसके बाद उसने दोनों के साथ मारपीट की और उन्हें अलग-अलग तख्त से बांध दिया. बाद में मंदिर परिसर में मौजूद लकड़ियों को इकट्ठा कर आग लगा दी. आग लगने के बाद दोनों साधु खुद को बचा नहीं सके और उनकी मौत हो गई. हालांकि वारदात की पूरी तस्वीर पुलिस जांच के बाद ही साफ होगी.
आरोपी के पुराने मामलों की भी जांच
घटना के बाद आरोपी सुमित सिंह को लेकर ग्रामीणों ने उसके पुराने मामलों की जानकारी पुलिस को दी है. बताया जा रहा है कि वह करीब दो महीने पहले ही जेल से बाहर आया था. उसके खिलाफ कार में आग लगाने और एससी-एसटी एक्ट समेत कुछ मामले दर्ज होने की बात कही जा रही है. हालांकि उसके आपराधिक रिकॉर्ड की आधिकारिक पुष्टि जांच के आधार पर ही होगी.
क्या बोली पुलिस?
पुलिस की तरफ से इस मामले में जानकारी देते हुए बताया गया कि 1 अक्टूबर 2026 की रात दो साधुओं को जिंदा जलाया गया. सुबह लगभग 7:00 बजे जब कुछ ग्रामीण देवस्थान की ओर पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए. वहां दोनों संन्यासियों के शव अधजली हालत में पड़े थे. गांव में खबर आग की तरह फैल गई. दहशत और सदमे के बीच शिव कुमार तुरंत हरकत में आए और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही खुदागंज थाना पुलिस, उच्चाधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम ने बारीकी से साक्ष्य जुटाने शुरू किए.
थाना खुदागंज, जनपद शाहजहाँपुर क्षेत्रान्तर्गत देवस्थान में 02 सन्यासियों की हत्या कर शव जलाने की घटना एवं पुलिस द्वारा कृत कार्यवाही के संबंध में #SP_शाहजहाँपुर की बाइट। pic.twitter.com/7sx8o8vvVq
— SHAHJAHANPUR POLICE (@shahjahanpurpol) October 1, 2026
शिव कुमार ने पुलिस को लिखित तहरीर देते हुए सुमित पर सीधा शक जताया और पूरी बात बताई. ग्रामीणों की पूछताछ में भी इस बात की पुष्टि हुई कि सुमित ने संन्यासियों को वहां से हटने की धमकी दी थी. पुलिस ने बिना देरी किए त्वरित कार्रवाई की. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया ताकि मौत के सही समय और कारणों का पता चल सके. तहरीर के आधार पर सुमित के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया. पुलिस टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी सुमित को हिरासत में ले लिया.