मऊ के कोपागंज थाना क्षेत्र के कुर्थीजाफरपुर नगर पंचायत में एक साथ दो घरों में मातम पसर गया. दरअसल, जहनियांपुर मोड़ पर दो बाइक सवार युवक बिजली के खंभे से टकरा गए.
तेज रफ्तार बाइक बिजली के पोल से टकराकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी. इस हादसे में बाइक सवार कुर्थीजाफरपुर निवासी आकाश (24) और उनके बुआ के बेटे दोहरीघाट थाना क्षेत्र के गोठा निवासी निकेश (26) की मौत हो गई. दोनों युवक रिश्ते में बुआ-भतीजे के भाई थे.
लाश ढूंढ़ने में करनी पड़ी काफी मशक्कत
शनिवार की रात जैसे ही परिवार को हादसे की सूचना मिली, करीब नौ बजे परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी. रात में अंधेरा होने की वजह से दोनों की लाश दिखाई नहीं दे रही थी. काफी खोजबीन के बावजूद परिजनों को उनका पता नहीं चल सका. घरवाले रातभर उनकी तलाश करते रहे. इसके बाद जब सुबह हुई तो करीब पांच बजे परिजनों को सड़क किनारे खाई में एक बाइक दिखाई दी. जब नीचे उतरकर देखा गया तो आकाश और निकेश के शव पड़े थे. शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
परिजनों और ग्रामीणों ने किया जमकर हंगामा
हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क चौड़ीकरण, अंधे मोड़ पर लगे पेड़ों को हटाने और बिजली के पोल को शिफ्ट करने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी. देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए. स्थिति को संभालने के लिए दक्षिण टोला, कोपागंज थाने की पुलिस के साथ पीएसी को भी तैनात किया गया. सुबह करीब नौ बजे नगर पंचायत की ओर से अंधे मोड़ पर पेड़ों की कटाई शुरू कराए जाने के बाद भीड़ धीरे-धीरे हटने लगी. सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी का कहना है कि परिजनों से वार्ता की जा रही है. उनकी कुछ मांगें हैं, जिनके संबंध में उच्चाधिकारियों से बातचीत की जा रही है.