Car Home Repair: आज के समय में कार सिर्फ एक लग्जरी नहीं बल्कि, हमारी रोजमर्रा की जरूरत बन चुकी है. चाहे ऑफिस जाना हो या फिर परिवार के साथ सफर करना हो हर जगह पर कार अहम भूमिका निभाती है. लेकिन, कई बार छोटी-छोटी तकनीकी समस्याएं आने पर लोग सीधे मैकेनिक के पास पहुंच जाते हैं. जबकि, छोटी समस्याओं को आप घर पर खुद भी ठीक कर सकते हैं. कुछ मामलों में मैकेनिक के पास जाने से न केवल समय बर्बाद होता है, बल्कि मामूली काम के लिए भी अच्छी-खासी रकम खर्च करनी पड़ जाती है.
आपको केवल उन्हीं समस्याओं को घर पर ठीक करना चाहिए, जिसे घर पर आसानी से ठीक किया जा सके नहीं तो ठीक करने के चलते कई बार गाड़ी में बड़ी तकनीकी समस्या भी आ सकती है. चलिए विस्तार से जानते हैं कार को सुरक्षित तरीके से घर पर कैसे ठीक किया जा सकता है.
1. एयर फिल्टर साफ करना या बदलना
अगर आप कार को घर पर ही रिपेयर करना चाहते हैं तो ऐसे में जरूरी है कि एयर फिल्टर को साफ करें या फिर उसे बदलें. ऐसा इसलिए क्योंकि, ज्यादातर मामलों में एयर फिल्टर के गंदे होने से कार में छोटी-मोटी समस्याएं आने लगती हैं. इस फिल्टर को साफ करने से इंजन की परफॉर्मेंस और माइलेज दोनों बढ़ते हैं. इसके लिए आपको कार के बोनट को खोलकर एयर फिल्टर बॉक्स ढूंढना है और फिल्टर निकालकर उसकी जांच करनी है, जिसके बाद उसे साफ करें.
2. कार की बैटरी की जांच करें
कार की बैटरी में कमी आना भी कई बार कार के स्टार्ट न होने की समस्या बन जाता है या कुछ मामलों में गाड़ी के इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स में भी समस्या आ जाती है. आपको बैटरी को खोलकर देखना है कि बैटरी टर्मिनल पर जंग तो नहीं लगा है अगर ऐसा है तो इसे साफ करें और अगर टर्मिनल ढीला है तो उसे टाइट कर दें. इसके साथ ही बैटरी का वोल्टेज समय-समय पर चेक करते रहें.
3. इंजन ऑयल चेक करें
अगर आप कार को घर पर ही रिपेयर कर रहे हैं तो ऐसे में सबसे जरूरी है कि समय-समय पर इंजन ऑयल की जांच करते रहें. इंजन ऑयल कार के इंजन को स्मूद तरीके से चलाने में मदद करता है. अगर ऑयल कम हो जाए तो इंजन के पार्ट्स पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है. इंजन ऑयल चेक करने के लिए इंजन बंद हो जाने के बाद कुछ मिनट इंतजार करें और डिपस्टिक निकालकर साफ करें. जरूरत से ज्यादा ऑयल भरने से बचें.