Scooter Start Problem: मानसून का मौसम, जहां लोगों को गर्मी से राहत देता है, वहीं ऐसे में सबसे ज्यादा समस्या दो पहिया वाहन चलाने वाले लोगों को होती है. सुबह ऑफिस जाने से लेकर बच्चों को स्कूल छोड़ने तक में दो पहिया वाहनों का काम पड़ता है. बारिश के मौसम में अक्सर स्कूटर चलाने वाले लोगों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ता है. रास्तों पर पानी भर जाने के चलते सेल्फ बार-बार दबाने के बाद भी इंजन रिस्पॉन्स नहीं देता, जबकि कुछ मामलों में किक मारने पर भी स्कूटर चालू नहीं होता है. ऐसे में लोग घबरा जाते हैं और सीधे मैकेनिक के पास पहुंच जाते हैं.
यह एक ऐसी छोटी समस्या है, जिसे आप आसानी से घक पर ही सॉल्व कर सकते हैं. कई बार बैटरी कमजोर होना, स्पार्क प्लग में नमी आना, एयर फिल्टर में पानी या फ्यूल सप्लाई से जुड़ी छोटी समस्याएं भी स्कूटर के स्टार्ट न होने का कारण बन सकती हैं.
1. स्पार्क प्लग चेक करें
अगर आपका स्कूटर भी बारिश में स्टार्ट नहीं हो रहा है या उसमें किसी तरह की समस्या आ रही है तो ऐसे में आपको स्पार्क प्लग को जरूर चेक करना चाहिए. बारिश के मौसम में स्पार्क प्लग के आसपास नमी जमा हो सकती है. इससे इंजन को सही स्पार्क नहीं मिल पाता और स्कूटर स्टार्ट होने में दिक्कत आती है. अगर आपको नमी दिखाई दे तो उसे सूखे कपड़े से साफ करें. जरूरत पड़ने पर प्लग बदलवाना जरूरी माना जाता है.
2. बैटरी की स्थिति जरूर देखें
बारिश के मौसम में पहले से कमजोर बैटरी जल्दी जवाब दे सकती है. कई बार बैटरी में आने वाली गड़बड़ी से भी स्कूटर स्टार्ट नहीं होता है. इसलिए आपको बार-बार सेल्फ दबाने के बजाय एक बार बैटरी को जरूर चेक कर लेना चाहिए. हेडलाइट की रोशनी कमजोर होना, हॉर्न की आवाज धीमी होना या फिर डिजिटल मीटर का ठीक से चालू न होना आदि बैटरी कमजोर होने के संकेत हैं.
3. वायरिंग और इलेक्ट्रिकल कनेक्शन की जांच कराएं
अगर आपका स्कूटर स्टार्ट होने में समस्या बन रहा है तो ऐसे में आपको एक बार इसकी वायरिंग जरूर चेक करनी चाहिए. बारिश के मौसम में वायरिंग में नमी या ढीले कनेक्शन की वजह से भी स्टार्टिंग की समस्या हो सकती है. अगर बार-बार यही परेशानी हो रही है, तो सर्विस सेंटर पर इलेक्ट्रिकल सिस्टम की जांच कराना बेहतर रहेगा.