12
नई दिल्ली. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) ने अपने छोटे भाई हार्दिक पांड्या के साथ विवाद की सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों को एक जवाब से खत्म कर दिया. जब उनसे क्रिकेट के सबसे बेहतरीन फिनिशर का नाम पूछा गया, तो क्रुणाल ने हार्दिक पांड्या और मुंबई इंडियंस के दिग्गज कायरन पोलार्ड का नाम लिया. उनके इस जवाब ने दोनों भाइयों के बीच अनबन की खबरों पर विराम लगा दिया.
क्रुणाल पिछले सीजन आरसीबी को पहला खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले खिलाड़ियों में शामिल थे. दूसरी ओर, हार्दिक, जिन्होंने चार साल पहले गुजरात टाइटंस को अपने पहले ही सीजन में चैंपियन बनाया था, मुंबई इंडियंस में वापसी के बाद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. रैपिड-फायर राउंड में क्रुणाल ने क्रिस गेल को खेल का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बताया. उन्होंने रोहित शर्मा और एमएस धोनी को सबसे अच्छा कप्तान चुना, जबकि विराट कोहली के कवर ड्राइव को सबसे शानदार शॉट बताया.
क्रुणाल ने कायरन पोलार्ड को सर्वश्रेष्ठ फील्डर भी कहा. गेंदबाजी में क्रुणाल ने जसप्रीत बुमराह को सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज चुना. उन्होंने राशिद खान और सुनील नरेन को सबसे बेहतरीन स्पिनर बताया, जबकि लसिथ मलिंगा को डेथ ओवरों का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज माना. अपने करियर को लेकर क्रुणाल ने कहा कि भारत के लिए खेलना ही उनका सबसे बड़ा सपना है. उन्होंने कहा, “देश का प्रतिनिधित्व करना ही सबसे बड़ा लक्ष्य है. मैं इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचता, क्योंकि मैं सिर्फ उन चीजों पर ध्यान देना चाहता हूं जो मेरे नियंत्रण में हैं.”
क्रुणाल ने आगे कहा, “अच्छा प्रदर्शन करना और टीम को मैच जिताना. अगर मुझे फिर से भारत के लिए खेलने का मौका मिलता है, तो मुझे बेहद खुशी होगी क्योंकि यही हर खिलाड़ी का सपना होता है.” क्रुणाल ने यह भी कहा कि उन्होंने भारत के लिए व्हाइट-बॉल क्रिकेट में मिले मौकों का अच्छा उपयोग किया है और अब वह अपना काम करते रहना चाहते हैं. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि जब भी मुझे भारत के लिए खेलने का मौका मिला, मैंने अच्छा प्रदर्शन किया. मैं सिर्फ अपना काम करना चाहता हूं और बाकी सब भगवान पर छोड़ता हूं.”