55
Priyansh Arya Batting: आईपीएल 2026 का 29वां मुकाबला पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपरजायंट्स के बीच खेला जा रहा है. इस मुकाबले में लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जो उनपर भारी पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है. पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार खेल दिखाया और लखनऊ के गेंदबाजों की बत्ती गुल कर दी. पंजाब ने आक्रामक बल्लेबाज़ी से तहलका मचा दिया और सिर्फ 20 ओवर में 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया.
पंजाब के लिए शुरुआत से ही टीम ने गेंदबाजों पर हमला बोल दिया और हर ओवर में चौके-छक्कों की बारिश देखने को मिली. ओपनिंग करने उतरे प्रियांश आर्या ने सिर्फ 37 गेंदों पर 93 रन ठोक दिए. अपनी पारी में उन्होंने 9 छक्के और 4 चौके मारे. उनके साथ आए प्रभसिमरन सिंह 0 पर ही आउट हो गए थे लेकिन इसके बाद कूपर कॉनली ने भी तूफान ला दिया. उन्होंने भी उसी रफ्तार को जारी रखा. उन्होंने 46 गेंदों पर 87 रन बनाए और 8 चौके व 7 छक्कों की मदद से गेंदबाजों की जमकर धुनाई की.
दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी ने मैच को पूरी तरह पंजाब किंग्स के पक्ष में कर दिया. बता दें कि प्रियांश और कूपर के बीच कुल 182 रन की पार्टनरशिप हुई. हालांकि कप्तान श्रेयस अय्यर जल्दी आउट हो गए, लेकिन टीम की आक्रामकता पर कोई असर नहीं पड़ा. स्टोइनिस ने 16 गेंदों में 29 जबकि शशांक सिंह ने सिर्फ 6 गेंदों पर 17 रन बनाकर अंत में विस्फोटक फिनिश दिया. इस तरह पंजाब किंग्स ने कुल 254 रन का स्कोर खड़ा किया और लखनऊ को 255 रन का लक्ष्य दिया. मैच के दौरान संजीव गोयनका परेशान नजर आए.
मोहम्मद शमी की जमकर धुनाई हुई
विपक्षी गेंदबाज़ पूरी तरह दबाव में नजर आए. मोहम्मद शमी ने 4 ओवर में 56 रन देकर सिर्फ 1 विकेट लिया और काफी महंगे साबित हुए. मोहसिन खान ने भी 4 ओवर में 43 रन देकर 1 विकेट हासिल किया. प्रिंस यादव ने जरूर अच्छा प्रदर्शन किया और 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट लिए, लेकिन बाकी गेंदबाजों ने निराश किया. मणिमरन सिद्धार्थ ने भी 2 विकेट लिए, लेकिन 35 रन लुटा दिए. अन्य गेंदबाजों में आवेश खान सबसे ज्यादा महंगे रहे, जिन्होंने 3 ओवर में 46 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया.