KBC 2026: कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के नए सीजन में कानपुर के उद्देश्य सचान अपनी कहानी और ज्ञान से दर्शकों का दिल जीतते नजर आएंगे. सोनी टीवी के इस लोकप्रिय क्विज शो में उद्देश्य को बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठने का मौका मिला है. उनके KBC में पहुंचने की खबर से कानपुर के लोगों और उनके जानने वालों में खुशी का माहौल है. उद्देश्य सचान ‘गुरुकुलम- खुशियों वाला स्कूल’ के संस्थापक हैं. वह गरीब और जरूरतमंद बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने का काम करते हैं. उद्देश्य बुधवार और गुरुवार रात 9 बजे प्रसारित होने वाले KBC के एपिसोड में अमिताभ बच्चन के सवालों का जवाब देते दिखाई देंगे. शो का एक प्रोमो भी सामने आ चुका है, जिसमें उद्देश्य बिग बी के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं.
स्कूल से निकाल दिया गया
उद्देश्य की कहानी काफी प्रेरणादायक है. उन्होंने बताया कि जब वह कक्षा तीन में पढ़ते थे, तब फीस जमा नहीं कर पाने के कारण उन्हें स्कूल से निकाल दिया गया था. इस घटना का उन पर गहरा असर पड़ा. उसी समय उन्होंने तय कर लिया था कि वह बड़ा होकर ऐसा स्कूल बनाएंगे, जहां पैसे की कमी के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई न रुके. अपने इसी सपने को पूरा करने के लिए उद्देश्य ने साल 2019 में पेड़ के नीचे सिर्फ 12 बच्चों को मुफ्त पढ़ाना शुरू किया था. धीरे-धीरे बच्चों की संख्या बढ़ती गई और आज उनके स्कूल में 150 से ज्यादा गरीब और झुग्गी-बस्ती के बच्चे पढ़ रहे हैं.
पढ़ाई से लेकर कंप्यूटर की शिक्षा
उद्देश्य के गुरुकुलम में बच्चों को पढ़ाई के साथ कई जरूरी सुविधाएं भी मुफ्त दी जाती हैं. यहां बच्चों को किताबें, स्कूल ड्रेस और बैग जैसी चीजें भी बिना किसी फीस के दी जाती हैं. इसके अलावा बच्चों को कंप्यूटर की शिक्षा भी दी जाती है. उद्देश्य का कहना है कि उनका सपना है कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा और बेहतर भविष्य का मौका मिले. वह चाहते हैं कि किसी भी बच्चे को सिर्फ पैसों की कमी के कारण पढ़ाई छोड़नी न पड़े.
ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20: ‘मैं पहली बार…’ काजी तौकीर के सपोर्ट में उतरे अरिजीत सिंह, पहली बार करेंगे ये काम
KBC में पहुंचने से बढ़ी खुशी
उद्देश्य की इस प्रेरणादायक कहानी को पहले दैनिक जागरण ने भी प्रमुखता से प्रकाशित किया था. 7 जुलाई के अंक में उनके काम और गुरुकुलम से जुड़ी कहानी प्रकाशित हुई थी, जिसके बाद कई लोगों ने उनके प्रयासों की सराहना की. अब उद्देश्य सचान का KBC की हॉट सीट तक पहुंचना उनके लिए एक और बड़ी उपलब्धि है. अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर वह न सिर्फ सवालों के जवाब देंगे, बल्कि अपनी कहानी भी देश के सामने रखेंगे. अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि उद्देश्य KBC में कितनी रकम जीतते हैं और अमिताभ बच्चन के साथ उनकी बातचीत कितनी खास रहती है.