Nimrat Kaur: एक्ट्रेस निम्रत कौर ने अपने पिता मेजर भूपेंद्र सिंह की शहादत को लेकर बड़ा खुलासा किया है. निम्रत उस वक्त सिर्फ 11 साल की थीं, जब उनके पिता को कश्मीर में आतंकवादियों ने अगवा कर मार दिया था. कई सालों बाद एक्ट्रेस ने उस दर्दनाक दिन को याद किया जिसने उनके पूरे परिवार की जिंदगी बदल दी.
कैसे हुई मेजर भूपेंद्र सिंह की हत्या?
मेजर भूपेंद्र सिंह भारतीय सेना में अधिकारी थे और कश्मीर में तैनात थे. जनवरी 1994 में ड्यूटी से लौटते समय उन्हें अगवा कर लिया गया था. अगवा करने वालों ने सेना की वर्दी पहन रखी थी. 7 दिनों तक बंधक बनाकर रखने के बाद आतंकियों ने उनकी हत्या कर दी. उन्हें मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था.
निम्रत ने बताया उस आखिरी सुबह का दर्द
ANI से बात करते हुए निम्रत ने कहा, ‘मैंने उस सुबह पिता को काम पर जाते देखा था. बस उनका जाना याद है और उसके बाद अगली बार उन्हें ताबूत में देखा. इसलिए हमें कभी क्लोजर नहीं मिल पाया.’ उन्होंने बताया कि आज भी इस कमी को कोई पूरा नहीं कर पाया है. चाहे उनकी मां हों, बहन हो या वो खुद, सबके लिए ये घाव आज भी ताजा है.
मां ने कैसे संभाला परिवार?
निम्रत ने बताया कि अगवा करने वालों ने भारत में कैद लोगों को रिहा करने जैसी अजीब मांगें रखी थीं. उस वक्त उनका परिवार कश्मीर में ही था. पहले वो वेरिनैग में थे, फिर हालात बिगड़ने पर उन्हें श्रीनगर ले जाया गया. सातवें दिन उन्हें पिता की मौत की खबर मिली. निम्रत ने बताया कि उनके पिता ने आखिरी वक्त में भी अपने परिवार को याद किया था. उन्होंने कहा था, ‘मेरा परिवार है, मेरी दो बेटियां हैं.’ पिता की मौत के बाद निम्रत, उनकी मां और बहन नोएडा चले गए थे, जहां उनके नाना-नानी रहते थे. उनकी मां ने अकेले ही दोनों बेटियों की परवरिश की और जिंदगी को फिर से संवारा.
ये भी पढ़ें: Friday Releases: गांधी जयंती पर OTT और थिएटर पर मचेगा भौकाल, एक दिन में रिलीज हो रही हैं 6 फिल्में; देखें पूरी लिस्ट