Food stuck in throat: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी ने लोगों को चलती फिरती मशीन बना दिया है. न ठीक से सोने का समय है और न ही खाना खाने का. हर जरूरी रुटीन वर्क लोग जल्दबाजी में करते हैं. इसी का नतीजा है कि, कोई न कोई गंभीर परेशानी आ खड़ी होती है. आमतौर पर देखने में आता है कि भोजन करते समय खाना अचानक से गले में अटक जाता है. यह ऐसी समस्या है जिसको आमतौर पर लोग मामूली समझकर अनदेखी कर देते हैं. लेकिन, आपको बता दें कि, कभी-कभी ऐसा होने से बड़ी परेशानी भी हो सकती है. गले में खाना अटकने से सांस तक लेने में दिक्कत आती है और यह काफी दर्दनाक भी हो सकता है. लेकिन, क्या आप जानते हैं कि आखिर गले में खाना फंस क्यों जाता है? खाना गले में फंस जाए तो क्या करना चाहिए? इस बारे में बता रहे हैं नोएडा के इंटीग्रेटेड चिकित्सक संजय वार्ष्णेय-
गले में खाना क्यों फंस जाता है?
हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो, खाना को निगलना जितना आसान लगता है, असल में उतना होता नहीं है. बता दें कि, हम खाना खाते हैं, तो शरीर में तीन स्टेप में काम करता है. सबसे पहले हम खाना चबाते हैं. दांत उसे छोटे टुकड़ों में तोड़ते हैं और लार उसे गीला कर सॉफ्ट बना देती है. अगर खाना ठीक से नहीं चबाया जाए, तो यहीं से परेशानी की शुरुआत हो सकती है. इसके बाद जीभ खाना गले के पीछे की ओर धकेलती है और निगलने का प्रोसेस शुरू करता है. इस दौरान सांस की नली कुछ पलों के लिए बंद हो जाती है, ताकि खाना गलत रास्ते में न जाए. इसके अलावा, अंत में खाना फूड पाइप यानी इसोफेगस से होते हुए पेट तक पहुंचता है. अगर इन तीनों स्टेप में कहीं भी बैलेंस बिगड़ता है तो खाना फूड पाइप में अटक सकता है.
खाना गले में फंस जाए तो क्या करें?
- कार्बोनेटेड ड्रिंक जैसे कोला या सोडा पीने से नली में फंसा खाना निकलने में मदद मिल सकती है. डॉक्टर अक्सर खाने को नरम करने के लिए इस तरीका का इस्तेमाल करते हैं.
- मक्खन गले में फंसे खाने को आसानी से पेट तक पहुंचाने का काम करता है. यह नुस्खा थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन एक चम्मच मक्खन कभी-कभी एसोफैगस को चिकनाई देने में मदद करता है.
- गले में खाना फंस जाने पर इफर्वेसेंट ड्रग्स पानी मिलाकर पिएं. यह पानी में मिलते ही बुलबुले बनाती हैं, जो फंसे हुए खाने को तोड़ने और उसे आगे बढ़ाने में मदद करते हैं. अगर यह दवा न हो, तो थोड़ा बेकिंग सोडा पानी में मिलाकर पीना भी बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है.
- कई बार खाना सूखा होने के कारण भी गले में फंस सकता है. ऐसे में थोड़ा-थोड़ा पानी पीते हैं, जिससे वह नरम होकर नीचे की ओर सरक जाएं.