Bihar Bandh Protest: नीट पेपर लीक के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के दबाव में आकर धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है. इस बीच, बिहार के अलग-अलग जिलों में पहले से प्रस्तावित बिहार बंद को लेकर अलग-अलग जिलों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प की खबरें सामने आ रही हैं. दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन अब देश के अलग-अलग हिस्सों में फैल गया है.
नीट पेपर लीक को लेकर छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों के समर्थन से बुधवार को बिहार बंद का व्यापक असर देखने को मिला है. इस दौरान पटना, छपरा, सिवान, गया, आरा, समस्तीपुर, सहरसा और नवादा समेत कई जिलों में प्रदर्शन, सड़क जाम, आगजनी, नारेबाजी और पुलिस के साथ झड़प की घटनाएं सामने आईं. वहीं कई जगहों पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया, जबकि छपरा में पुलिस पर पथराव भी हुआ. इस दौरान कई घायल भी हुए.
भारी पुलिस बल रहा तैनात
पटना में गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर और रामगुलाम चौक पर बड़ी संख्या में छात्र और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता जमा हुए. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका और कई जगहों पर उन्हें खदेड़ दिया. बताया जा रहा है कि कुछ छात्रों पर लाठियां चलाई गईं और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया. छात्रों और विभिन्न संगठनों के प्रदर्शन को देखते हुए पूरे शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. जिसकी वजह से बंद का असर कुछ हद सीमित रहा. इसके अलावा, जानकारी सामने आ रही है कि पुलिस ने गांधी मैदान के अंदर भी कड़ी निगरानी रखी और किसी भी समूह को इकट्ठा नहीं होने दिया.
#WATCH | Bihar: Students protest in Siwan turn violent as protesters clash with Police. Stone pelting reported here, Police used tear gas shells and resorted to lathi charge to disperse them. pic.twitter.com/nCf6DDnGRv
— ANI (@ANI) July 25, 2026
यह भी पढ़ें – ‘ताकि देश-विरोधी ताकतें फायदा न उठा सकें’ धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफे में और क्या-क्या लिखा?
तेज प्रताप यादव ने भी बिहार बंद का किया समर्थन
आरजेडी के कद्दावर नेता लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने भी बिहार बंद का समर्थन किया. वे विरोध-प्रदर्शन में छात्रों के साथ शामिल हुए और बंद के समर्थन में गांधी मैदान में रामगुलाम की प्रतिमा पर चढ़ गए.
छपरा में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प
छपरा के थाना चौक पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प के बाद स्थिति बिगड़ गई. पुलिस पर जमकर पथराव किया गया, जिसके जवाब में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया. इलाके में तनाव के बीच अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.
सिवान में हुई तोड़फोड़
बंद के दौरान सिवान में कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों द्वारा तोड़फोड़ करने की खबर सामने आ रही है. प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए. गया कॉलेज के छात्रों ने नीट पेपर लीक के विरोध में मार्च निकाला. इस पूरे मामले पर सिटी एसपी का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध की अनुमति तो है, लेकिन गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सहरसा में भी हुआ धरना
इसके अलावा, जानकारी सामने आ रही है कि सहरसा में प्रदर्शनकारियों ने थाना चौक के पास मुख्य सड़क पर धरना दिया. प्रदर्शनकारी पटना में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज का विरोध कर रहे थे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. सुरक्षा के तौर पर पूरे शहर में पुलिस बल तैनात किया गया था.
बिहार के अलग-अलग जिलों में हुआ प्रदर्शन
समस्तीपुर के पटेल गोलंबर पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी और केंद्र सरकार व केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंत्री के इस्तीफे की अपनी मांग दोहराई. वहीं, ‘बिहार बंद’ के दौरान जगदीशपुर (भोजपुर ज़िला) के नायका टोला मोड़ पर AISA और RYA के कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया और आगज़नी की.
यह भी पढ़ें – धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से दिया इस्तीफा, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ लेटर