IRCTC: त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ट्रेन टिकटों की मांग तेजी से बढ़ गई है. इसी बीच इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने टिकट बुकिंग का नया रिकॉर्ड बनाया है. IRCTC के मुताबिक, 7 सितंबर को एक ही दिन में 20,06,353 टिकट बुक किए गए. यह अब तक एक दिन में हुई सबसे ज्यादा टिकट बुकिंग है. इससे पहले पिछले साल त्योहारी सीजन के दौरान एक दिन में 18,40,203 टिकट बुक होने का रिकॉर्ड बना था. इस बार IRCTC ने इस आंकड़े को पीछे छोड़ दिया है.
खास बात यह भी है कि 8 सितंबर को भी IRCTC के सिस्टम ने 19,50,699 टिकट बुकिंग दर्ज कीं. लगातार दो दिनों तक इतनी बड़ी संख्या में बुकिंग से त्योहारी सीजन में ट्रेनों की बढ़ती मांग का अंदाजा लगाया जा सकता है.
89 फीसदी रिजर्व टिकट ऑनलाइन बुक
IRCTC के एक अधिकारी के अनुसार, वर्तमान में लगभग 89 फीसदी रिजर्व्ड रेलवे टिकट ऑनलाइन बुक किए जाते हैं. ऐसे में टिकट बुकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले IRCTC के नेक्स्ट जेनरेशन ई-टिकटिंग सिस्टम (NGeT) की क्षमता और भरोसेमंदता काफी महत्वपूर्ण हो जाती है. अधिकारी ने बताया कि सुबह 8 से 9 बजे के बीच कुल दैनिक बुकिंग का करीब 8.43 से 14.14 फीसदी हिस्सा पूरा होता है. वहीं, 85 फीसदी से ज्यादा बुकिंग दिन के बाकी समय में होती हैं. सुबह 8 से 8:15 बजे के बीच सबसे ज्यादा बुकिंग का दबाव देखने को मिलता है.
बढ़ाई गई सिस्टम की क्षमता
IRCTC ने बताया कि टिकट बुकिंग सिस्टम में कई बड़े बदलाव किए गए हैं. NGeT इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड करने के साथ नया यूजर इंटरफेस भी पेश किया गया है. इसका बीटा वर्जन 15 जुलाई को लॉन्च किया गया था. इसमें यात्रियों को एक ही स्क्रीन पर स्लीपर, AC 3 टियर और AC 2 टियर जैसी अलग-अलग क्लास की उपलब्धता देखने की सुविधा मिलती है. IRCTC के मुताबिक, सिस्टम की क्षमता पहले के मुकाबले करीब दोगुनी की गई है. साथ ही एंटी-बॉट और कंटेंट डिलीवरी नेटवर्क जैसी तकनीकों की मदद से ऑटोमेटेड ट्रैफिक को 55 से 65 फीसदी तक कम किया गया है.
लाखों फर्जी आईडी पर कार्रवाई
IRCTC ने बुकिंग सिस्टम के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए भी कार्रवाई की है. करीब 30.4 लाख यूजर आईडी डीएक्टिवेट की गई हैं, जबकि 633 लाख आईडी को दोबारा सत्यापन के लिए रखा गया है. इसके अलावा 16,041 संदिग्ध ईमेल डोमेन को भी ब्लॉक किया गया है. IRCTC का कहना है कि भारी दबाव के बावजूद 7 सितंबर को NGeT प्लेटफॉर्म पर कोई बड़ी तकनीकी खराबी या रुकावट नहीं आई. त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सिस्टम की क्षमता बढ़ाने से आने वाले दिनों में टिकट बुकिंग को संभालने में मदद मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा फेस्टिव सीजन पर भारतीय रेलवे की तरफ से कई स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएंगी, जिससे भीड़ प्रबंधन में मदद मिल सकेगी.
ये भी पढें: Bank Strike Today: 5 दिनों तक बैंक से जुड़े काम में आ सकती है दिक्कत, PNB-SBI ने दी अहम जानकारी