फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं Fahadh Faasil की लव स्टोरी, ऐसा रहा ‘Bangalore Days’ से घर तक का सफर
Fahadh Faasil: 19 साल की उम्र में एक्टर फहद फासिल ने फिल्मी दुनिया में कदम रखा. उन्होंने अपने पिता और मशहूर निर्देशक फाजिल की 2002 में आई फिल्म ‘Kaiyethum Doorath’ में काम किया. हालांकि फिल्म फ्लॉप हो गई. इससे वे सदमे में चले गए और फिल्मों से दूरी बना ली. वह अमेरिका चले गए और वहां पढ़ाई की. कई सालों बाद वे वापस आए और दोबारा फिल्मों में किस्मत आजमाई. वापसी के बाद उन्होंने 2009 में केरला कैफे से दोबारा एक्टिंग शुरू की.
बैंगलोर डेज की शूटिंग के दौरान हुई मुलाकात
इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया. बैंगलोर डेज की शूटिंग के दौरान उनकी मुलाकात एक्ट्रेस नाजरिया नाजिम से हुई. दोनों की बातचीत होने लगी और फिर दोस्ती हो गई. इसके बाद दोस्ती प्यार में बदल गई.
कैसे किया प्रपोज?
एक इंटरव्यू में फहद ने बताया था कि उन्होंने नाजरिया को हाथ से लिखी चिट्ठी के जरिए प्रपोज किया था और उसके साथ अंगूठी भी रखी थी. नाजरिया ने चिट्ठी पढ़ी और हां या ना कोई भी जवाब नहीं दिया. कुछ समय बाद दोनों का प्यार परवान चढ़ा और साल 2014 में दोनों ने अपने रिश्ते को शादी में बदलने का फैसला किया.
सोशल मीडिया पर दी थी शादी की जानकारी
फहद ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी के बारे में जानकारी दी थी. फहद ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बताया था कि नाजरिया ने उनकी जिंदगी बदल दी है. वे उनके साथ काफी खुश हैं और 14 अगस्त को दोनों ने शादी कर ली है. कहा जाता है कि शादी के दौरान नाजरिया की उम्र केवल 19 साल थी. फहद उम्र में उनसे काफी बड़े थे. नाजरिया ने बताया था कि वे फहद को खोना नहीं चाहती थीं, जिसके कारण उन्होंने फहद से शादी कर ली.
तलाक की अफवाह
शादी के बाद एक बार ऐसा समय आया, जब दोनों का रिलेशन सही नहीं चल रहा था. इस दौरान नाजरिया ने लगभग चार साल फिल्मों से ब्रेक भी लिया था. इस दौरान कहा जाने लगा कि नाजरिया ने शादी के बाद फिल्में छोड़ दी हैं. हालांकि बाद में उन्होंने इन अटकलों पर विराम लगा दिया. उन्होंने कहा कि फहद ने उन्हें कभी फिल्में करने या कुछ और करने से इनकार नहीं किया.
नाजरिया ने बदली फहद की जिंदगी
फहद ने कई बार इंटरव्यू देते हुए अपनी पत्नी नाजरिया की तारीफ भी की. उन्होंने बताया कि कैसे नाजरिया ने उनकी जिंदगी बदल दी. नाजरिया ने उन्हें स्मोकिंग छोड़ने और गुस्से पर कंट्रोल करना सिखाने में मदद की. शादी के बाद दोनों ने 'ट्रेंस' फिल्म में एक साथ काम किया. दोनों की पर्सनल लाइफ की बात करें, तो फहद और नाजरिया अपनी पर्सनल लाइफ को लाइमलाइट से दूर रखते हैं. दोनों एक दूसरे को काफी स्पेस और आजादी देते हैं.