Gaya Bihar Crime News: बिहार के गयाजी में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत ने पूरे इलाके को सकते में डाल दिया है. मानपुर के मल्लाह टोली इलाके में घर के अंदर करीब 50 वर्षीय महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. महिला अकेली रहती थीं और बताया जा रहा है कि वह बोल और सुन नहीं सकती थीं. यही वजह है कि अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि उनके साथ आखिर हुआ क्या था.
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. महिला के घर से शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए. शुरुआती जांच में महिला के सिर पर चोट के निशान मिले हैं. कमरे में खून के निशान भी पाए गए. पुलिस को आशंका है कि किसी भारी वस्तु से हमला किया गया हो सकता है. हालांकि मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है.
दुष्कर्म की आशंका
मामले में एक और गंभीर आशंका सामने आई है. महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने की बात भी कही जा रही है लेकिन पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस पहलू पर स्थिति साफ हो सकेगी. महिला की कोई संतान नहीं थी और वह घर में अकेली रहती थीं. ऐसे में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले उनके घर पर कौन आया था और आसपास किसी संदिग्ध गतिविधि को तो नहीं देखा गया था.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी अभिनव कुमार और मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. इलाके को सुरक्षित कर जांच शुरू की गई. पुलिस ने घर और आसपास के हिस्से की बारीकी से जांच की और कई संभावित सबूत जुटाए हैं. जांच में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई. आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर महिला की हाल की गतिविधियों और उनके संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
ये भी पढ़ें: Maharashtra Crime: दोष दूर करने के बहाने कमरे में बुलाया, फिर 17 साल की लड़की के साथ… ऐसे हुआ खुलासा