उत्तर प्रदेश के रायबरेली में हरचंदपुर थाना क्षेत्र के टांडा गांव के पास रविवार को रेलवे ट्रैक पर एक 45 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रथम दृष्टया मौत का कारण ट्रेन की चपेट में आना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
परिवार में मातम
जानकारी के अनुसार, मृतक की शिनाख्त दिनेश (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हरचंदपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का निवासी था. युवक का शव टांडा के पास रेलवे लाइन पर क्षत-विक्षत अवस्था में पाया गया. जैसे ही युवक की मौत की खबर उसके गांव मुबारकपुर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही हरचंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पोस्टमार्टम से खुलेंगे राज़
हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शुरुआती जांच में मामला ट्रेन से कटने का लग रहा है, लेकिन मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें:- धमतरी में राइफल के उड़े परखच्चे, अस्पताल में भर्ती जवान, रेंज में हडकंप: आखिर कैसे हुआ ये हादसा?