देशभर भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा बड़े ही जोरों-शोरों निकाली जा रही थी. भक्त जय जगन्नाथ और हरे कृष्ण के जयकारे लगा रहे थे. रथ यात्रा में लोग पूरी आस्था और भक्ति के साथ शामिल होने आए थे, वहां अचानक ऐसा भीषण हादसा हो गया कि खुशियां चीख-पुकार में बदल गई. उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है. यहां के परीक्षितगढ़ इलाके में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. यात्रा में शामिल एक रथ अचानक ऊपर से गुजर रही हाई-टेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आ गया, जिससे जोरदार करंट फैल गया. इस दर्दनाक हादसे में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कम से कम 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए.
बारिश के बीच हुआ था हादसा
घटना के समय इलाके में रुक-रुक कर बारिश हो रही थी. एसपी ग्रामीण अभिजीत कुमार ने बताया कि रथ यात्रा जब परीक्षितगढ़ क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी रथ का कोई हिस्सा या उस पर लगा झंडा अचानक ऊपर से जा रही हाई-टेंशन पावर लाइन के संपर्क में आ गया. करंट इतना तेज था कि रथ के पास चल रहे कई लोग उसकी चपेट में आ गए. हादसे के बाद यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
नंगे पांव चल रहे थे भक्त
इस घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी मनीष शर्मा ने बताया कि ज्यादातर श्रद्धालु नंगे पांव चल रहे थे. जैसे ही रथ हाई-टेंशन तार के संपर्क में आया, वैसे ही करंट ने आसपास चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे की खबर मिलते ही वरिष्ठ जिला अधिकारी और भारी पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गया. सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. हालांकि प्रशासन ने इस बात की पुष्टि की है कि इस रथ यात्रा के लिए पहले से अनुमति ली गई थी.
लेकिन बारिश और मौसम की स्थिति के बीच हुए इस हादसे ने आयोजकों और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि सुरक्षा मानकों में कहां चूक हुई थी.
STORY | 1 killed, 9 injured after Rath Yatra chariot touches high-tension wire in Meerut
A man died and nine others were injured here on Friday while pulling a chariot that had come in contact with a high-tension power line during a Jagannath Rath Yatra event, officials said.… pic.twitter.com/x6Wd0RL0Hn
— Press Trust of India (@PTI_News) July 24, 2026
एक मौत, 10 अस्पताल में भर्ती
11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से रथ के टकराने पर पूरे रथ में बिजली दौड़ गई. मौके पर एक 30 साल के युवक सचिन की आकस्मिक मौत हो गई. जबकि करंट लगने से अन्य 11 लोग बुरी तरह से झुलस गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राइवेट अस्पतालों में ले जाया गया.हादसे के दौरान रथ यात्रा में अफरा-तफरी मच गई. लोग चीखने-चिल्लाने लगे और अपनी जान बचाने के लिए रथ से दूर भागने लगे.