UP Crime: मथुरा में एक युवती डरी-सहमी सी घर पहुंची. उसके चेहरे पर खौफ था और वह बेहद परेशान नजर आ रही थी. परिवार ने जब वजह पूछी तो जो कहानी सामने आई, उसने सभी को चौंका दिया. युवती ने आरोप लगाया कि उसे उसकी इच्छा के खिलाफ कार में बैठाकर कहीं ले जाया गया था. इसके बाद उसे एक गेस्ट हाउस में ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है.
बता दें कि मामला चौमुहां-जैत थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है. पुलिस को दी गई शिकायत में युवती के पिता ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी 20 वर्षीय बेटी को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए.
युवती ने शिकायत में क्या बताया?
शिकायत के मुताबिक, युवती घर वापस आ रही थी. इसी बीच एक कार आकर सामने रुकी और लड़की को अंदर खींच लिया. कार सीधे एक गेस्ट हाउस पहुंची. वहां एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद युवती को कोसी क्षेत्र में छोड़ दिए जाने की बात सामने आई है. वो डरी-सहमी सी घर पहुंची. घर लौटने के बाद युवती ने उन्हें पूरी घटना बताई. इसके बाद उसके पिता आरोपी युवक के घर पहुंचे और मामले को लेकर सवाल किया. आरोप है कि वहां बातचीत का रास्ता निकालने के बजाय विवाद और बढ़ गया. पिता के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया.
6 लोगों के खिलाफ FIR
पुलिस ने शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. इनमें तीन लोगों पर युवती को जबरन ले जाने और दुष्कर्म से जुड़े आरोप लगाए गए हैं. वहीं अन्य तीन पर कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप है. CO सदर वरुण मिश्रा के अनुसार, युवती का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया गया है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है. उपलब्ध साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है. जांच के बाद ही घटनाक्रम साफ हो पाएगा.