KBC 18: कानपुर के रहने वाले और ‘गुरुकुलम : खुशियों वाला स्कूल’ के संस्थापक उद्देश्य सचान ने लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में शानदार प्रदर्शन किया. सोनी चैनल पर बुधवार और गुरुवार को प्रसारित हुए शो में उद्देश्य हॉट सीट पर पहुंचे और अपनी समझ व ज्ञान के दम पर 12.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि जीतने में सफल रहे.
12 सवालों के दिए सही जवाब
KBC की हॉट सीट तक पहुंचने के बाद उद्देश्य ने एक के बाद एक सवालों का आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया. उन्होंने कुल 12 सवालों के सही जवाब देकर 12.50 लाख रुपये की रकम अपने नाम की. गुरुवार के एपिसोड में उनके सामने 25 लाख रुपये का सवाल आया. सवाल था ‘किस भारतीय शासक को अमित्रघात के रूप में जाना जाता है?’ सवाल का जवाब देते समय उद्देश्य को पूरा भरोसा नहीं था. गलत जवाब देकर जीती हुई रकम गंवाने का जोखिम लेने के बजाय उन्होंने समझदारी दिखाते हुए गेम छोड़ने का फैसला किया. इस तरह वह 12.50 लाख रुपये लेकर KBC से बाहर आए.
अमिताभ बच्चन से मिलना बताया सपने जैसा
शो के दौरान उद्देश्य ने बताया कि KBC की हॉट सीट पर बैठना और अमिताभ बच्चन से बातचीत करना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था. शो में उनकी कहानी और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे काम को भी दर्शकों के सामने रखा गया.
ये भी पढ़ें: Nayi Naveli Teaser: यामी गौतम की ‘नई नवेली’ का खौफनाक राज, दुल्हन को बताया डायन; ‘तुंबाड’ जैसी दिखी मिस्ट्री
बच्चों की शिक्षा के लिए करेंगे रकम का इस्तेमाल
KBC से मिली पहचान और पुरस्कार राशि को उद्देश्य अपने व्यक्तिगत इस्तेमाल के बजाय समाजसेवा और शिक्षा के काम में लगाना चाहते हैं. उनका लक्ष्य ‘गुरुकुलम : खुशियों वाला स्कूल’ का विस्तार करना है. वह कानपुर के पिछड़े इलाकों और झुग्गी-झोपड़ी वाले क्षेत्रों में गुरुकुलम की नई शाखाएं खोलने की योजना बना रहे हैं. इसके जरिए ज्यादा से ज्यादा बेसहारा और जरूरतमंद बच्चों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. इस तरह उद्देश्य सचान की KBC की जीत सिर्फ 12.50 लाख रुपये तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जरूरतमंद बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में एक कदम भी है.
ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20: ‘मैं बिग बॉस के कारण…’ आम्रपाली को कैसे मिली निरहुआ संग फिल्म, घर में सुनाया दिलचस्प किस्सा