महाराष्ट्र के बदलापुर में एक रिहायशी सोसाइटी के अंदर लोन रिकवरी को लेकर जमकर हंगामा हो गया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कथित तौर पर बजाज फाइनेंस का एक रिकवरी एजेंट सोसाइटी में पहुंचता दिखाई दे रहा है. जहां उसकी स्थानीय लोगों से तीखी बहस हो जाती है. बताया जा रहा है कि एजेंट से जब पहचान पत्र और अधिकृत दस्तावेज दिखाने को कहा गया, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई. मामले में एक महिला भी शामिल बताई जा रही है, जिसके लोन रिकवरी से जुड़ा विवाद था. वीडियो में सोसाइटी के अंदर अफरा-तफरी जैसी स्थिति दिखाई दे रही है, जिससे सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग रिकवरी एजेंटों के व्यवहार और नियमों को लेकर चर्चा कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि रिकवरी प्रक्रिया में प्रोफेशनल व्यवहार और सही पहचान बेहद जरूरी है.